Post Views 01
June 10, 2026
अजमेर के अलवर गेट थाना अंतर्गत गुवारडी क्षेत्र में एक मकान को अज्ञात चोर निशाना बनाकर करीब 8 से 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपए नगद चुरा ले गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली और कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला तो चोरी की घटना का पता चला। पीड़िता सीता रावत की रिपोर्ट पर अलवरगेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नारेली ब्रिज के पास गुवारडी निवासी सीता रावत ने रिपोर्ट देकर बताया कि 8 जून की रात वह अपने बच्चों और ननद के साथ भोजन करने के बाद घर के बाहर सो गई थीं। सुबह उठने पर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली थी और उसमें रखे कपड़े बिखरे पड़े थे। जांच करने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। रिपोर्ट के अनुसार चोर दो जोड़ी चांदी की पायजेब, सोने की नथ, चांदी की काकणी, दो जोड़ी सोने के लोंग, दो जोड़ी सोने के मांदलिये, एक हार तथा अन्य सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपए बताई गई है। बहरहाल अलवर गेट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज को खंगालते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved