Post Views 01
June 10, 2026
अजमेर एसपी ने ट्रैफिक कार्यालय का किया निरीक्षण, नियम तोड़ने वालों पर सख्ती के निर्देश
अजमेर। शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला ने बुधवार को यातायात कार्यालय तथा ट्रैफिक सीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, यातायात प्रबंधन, रिकॉर्ड संधारण एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए नियमित अभियान चलाए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से रात के समय शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके लिए विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने की बात कही गई।
इसके अलावा बिना नंबर प्लेट अथवा बिना पंजीकरण वाले वाहनों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि ऐसे वाहन कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा दोनों के लिए खतरा बन सकते हैं, इसलिए इनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक सीओ संजय बौथरा एवं ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर नीतू राठौड़ भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। एसपी ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved