Post Views 51
May 31, 2026
वीर सावरकर जयंती पर युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प,माय भारत अजमेर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, युवा जागरण एवं राष्ट्रीय चेतना पर हुआ संवाद
बांदनवाड़ा (भिनाय, अजमेर), 31 मई 2026।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बांदनवाड़ा में मेरा युवा भारत (माय भारत) अजमेर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वीर विनायक दामोदर सावरकर जयंती के उपलक्ष्य में प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य श्रीमती शिल्पा कच्छावा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वीर सावरकर का जीवन संघर्ष, त्याग, राष्ट्रभक्ति एवं आत्मबलिदान की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने सावरकर के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, सेल्युलर जेल में बिताए गए कठिन जीवन तथा उनकी राष्ट्रवादी विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान “आधुनिक भारत में वीर सावरकर की प्रासंगिकता”, “युवा शक्ति और राष्ट्र सेवा” तथा “वीर सावरकर का जीवन संघर्ष एवं प्रेरणा” विषयों पर आधारित पोस्टर, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में मनोज रेगर ने प्रथम, रुद्रांश सोनगरा ने द्वितीय एवं लक्ष्मी मुनोथ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में कोमल रावत प्रथम, परमेश्वरी कुम्हार द्वितीय एवं पूजा रेगर तृतीय रहीं। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अर्पिता सैन प्रथम, महिमा सारवान द्वितीय तथा कृष्णा खटीक तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए माय भारत द्वारा संचालित विभिन्न युवा गतिविधियों एवं अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर राष्ट्र निर्माण, स्वयंसेवा एवं नेतृत्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर व्याख्याता महावीर प्रसाद जांगिड़, बीना मुंडोतिया, विनीता धनवाल सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। भामाशाह सरपंच प्रतिनिधि विक्रम सिंह राठौड़, देवेन्द्र शर्मा, अनिल शर्मा, मनोहर सिंह, दुर्ग सिंह, पंकज शर्मा एवं दीपक वैष्णव ने सहभागिता की। कार्यक्रम में संदर्भ व्यक्ति आनंद स्वरूप सैन (पर्यावरण), कंचन देवी (हस्तशिल्प) एवं संतोष (स्वदेशी चेतना) ने युवाओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा युवाओं ने वीर सावरकर के विचारों को जीवन में अपनाकर राष्ट्र सेवा हेतु कार्य करने का संकल्प लिया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved