Post Views 01
May 31, 2026
क्लॉक टॉवर थाना अंतर्गत मदार गेट बाजार में दो दुकानों से हजारों की नकदी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
अजमेर। क्लॉक टावर थाना अंतर्गत मदार गेट स्थित कवंडस पूरा एवं पड़ाव इलाके में देर रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी घटना दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार चोर देर रात दुकानों के अंदर घुसे और गल्लों में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो गल्लों से नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियां करते हुए दिखाई दिए। फुटेज में चोरों की हरकतें स्पष्ट रूप से कैद होने के बाद दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी।
मामले की सूचना पर क्लॉक टावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित दुकानदारों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved