Post Views 01
May 31, 2026
आर्य विरंगना दल के तत्वावधान में रविवार को नशा मुक्ति के प्रति जनजागरण के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली ऋषि उद्यान से प्रारंभ होकर रीजनल चौपाटी तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं, युवतियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली में अजमेर, ऋषिकेश, चंडीगढ़ तथा नेपाल सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों ने हाथों में नशा मुक्ति संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा स्वस्थ एवं संस्कारित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रियंका आर्या, अदिति आर्या, स्वस्ति आर्या सहित अन्य बालिकाओं ने संबोधित करते हुए कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है। युवाओं को इससे दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। रैली के दौरान नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी दी गई, जिसके माध्यम से नशे से होने वाले दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। रीजनल चौपाटी पहुंचकर रैली का समापन हुआ, जहां सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह एवं जागरूकता का माहौल देखने को मिला।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved