Post Views 01
May 26, 2026
राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लाम्बा का आह्वान- "कांग्रेस को मजबूत कर केंद्र की नीतियों के खिलाफ लड़ें", दिया भावुक संदेश- "बेटियों को पढ़ाओ और बेटियों को बचाओ"
प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद, पेट्रोल-डीजल व महंगाई पर केंद्र को घेरा
अजमेर डेयरी अध्यक्ष एव अजमेर लोकसभा कांग्रेस प्रत्याशी 2024 रामचन्द्र चौधरी का ऐलान: "अलका जी और सारिका जी को पुनः बुलाने के लिए जल्द कराएंगे 10 हजार महिलाओं का विशाल महासम्मेलन"
अजमेर, 26 मई 2026:
अजमेर के सर्किट हाउस में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण महिला अधिवेशन और प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लाम्बा ने मुख्य अतिथि और सबसे वरिष्ठ नेत्री के रूप में शिरकत की। उनके साथ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष माननीया सारिका सिंह भी प्रमुखता से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन गीता चौधरी, प्रियंका चौधरी और सीमा चौधरी के समन्वय में संपन्न हुआ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लाम्बा का कांग्रेस को मजबूत करने पर जोर और भावुक अपील
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लाम्बा ने अपने संबोधन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस संगठन को मजबूत कर महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ लड़ने का आह्वान किया। राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ उन्होंने महिला अधिकारों पर एक बेहद भावुक प्रसंग साझा किया। कन्या भ्रूण हत्या पर गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "मैं अपनी माँ की बेटियों में तीसरे नंबर पर हूँ। आज मेरी माँ इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन मैं उनकी शुक्रगुजार हूँ कि शायद उन्हें भी बेटे की चाह रही होगी, लेकिन बेटे के चक्कर में उन्होंने हम बेटियों को नहीं मारा। इसलिए मैं आज इस मंच से कहती हूँ— बेटियों को पढ़ाओ और बेटियों को बचाओ।" इसके साथ ही उन्होंने समाज में फैल रहे नशे पर कड़ा रुख अपनाते हुए महिलाओं से आह्वान किया कि अगर शराब के ठेकों के कारण उनके घर बर्बाद हो रहे हैं, तो एकजुट होकर इन ठेकों को जड़ से उखाड़ फेंकना चाहिए।
सारिका सिंह ने सुनीं जमीनी स्तर की समस्याएं
प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से सीधा संवाद किया। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों, सचिवों, महासचिवों, नगर अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की समस्याएं विस्तार से सुनीं। इस दौरान पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों, मनरेगा की स्थिति, बेलगाम महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की गई।
राष्ट्रीय महासचिव शबनम बानो ने किया अल्का जी के विचारों का स्वागत
बाड़मेर से आईं राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की महासचिव शबनम बानो ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लाम्बा के ओजस्वी विचारों और बातों का खुले दिल से स्वागत किया। महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए शबनम बानो ने EVM से जुड़े विवादों और राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त किए जाने जैसे राष्ट्रीय मुद्दों को प्रमुखता से मंच पर रखा और अलोकतांत्रिक नीतियों पर कड़ा प्रहार किया।
रामचन्द्र चौधरी का बड़ा ऐलान: अतिथियों को पुनः बुलाने का न्योता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजमेर डेयरी के अध्यक्ष श्री रामचन्द्र चौधरी ने आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अवगत कराया कि डेयरी ने पशुपालन के माध्यम से 21,000 से अधिक महिलाओं को सीधे तौर पर रोजगार से जोड़ा है। अल्का लाम्बा जी और सारिका सिंह जी को एक बार फिर अजमेर की धरा पर आमंत्रित करने के उद्देश्य से रामचन्द्र चौधरी ने मंच से एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा, "आप दोनों शीर्ष नेत्रियों को वापस बुलाने और आतिथ्य सत्कार के लिए, हम जल्द ही इन 10,000 महिलाओं का एक विशाल महासम्मेलन आयोजित करेंगे।"
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved