Post Views 51
May 23, 2026
अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो आरोपी डीएसटी की सूचना पर चढ़े पुलिस के हत्थे ,
क्लॉक टावर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से पिस्तौल और भरी हुई मैगजीन की बरामद, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
अजमेर में जिला स्पेशल पुलिस टीम (डीएसटी) ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई क्लॉक टावर थाना अंतर्गत ब्यावर रोड स्थित हजारी बाग के सामने की गई। जिला स्पेशल पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध पिस्टल लेकर इलाके में घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के बाद जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में डीएसटी इंचार्ज शंकर रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपी बाइक लेकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
क्लॉक टॉवर थाना प्रभारी भीका राम काला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी निखिल वाल्मीकि पुत्र राजेंद्र वाल्मीकि निवासी जयपुर बाइपास, जवाहर नगर अवैध हथियारों का सप्लायर है उसके साथ निवासी ब्यावर सिटी हिमांशु पंवार को भी पकड़ा है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की गई है।
डीएसटी टीम ने दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए क्लॉक टावर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिस्टल बेचने के लिए अजमेर आए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाया गया और इसे किसे सप्लाई किया जाना था इस मामले में दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved