Post Views 01
May 22, 2026
दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
भारतीय जनता पार्टी अजमेर शहर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का आज शुभारंभ हो गया। पुष्कर में शुरू हुए इस शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला। शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाना और पार्टी की विचारधारा एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराना है।
जिला भाजपा मीडिया संयोजक विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी समय-समय पर अपने कार्यकर्ताओं के लिए विभिन्न प्रशिक्षण शिविर आयोजित करती रहती है। इसी क्रम में आयोजित इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न विषयों पर कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, कैबिनेट मंत्री, प्रदेश महामंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता और वक्ता अलग-अलग विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। शिविर के माध्यम से संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और वर्तमान परिस्थितियों में पार्टी की भूमिका को लेकर विशेष जानकारी दी जाएगी। विक्रम सिंह राठौड़ ने कहा कि आने वाले समय में संगठन के सामने आने वाली चुनौतियों और परिस्थितियों का किस प्रकार सामना किया जाए तथा पार्टी की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से कैसे संचालित किया जाए, इस विषय पर भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला प्रमुख सरिता सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। इस दौरान अजमेर नगर निगम के पूर्व सभापति सुरेंद्र सिंह शेखावत, संपत सांखला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved