Post Views 01
May 22, 2026
पुष्कर बनेगा कांग्रेस का पॉलिटिकल वॉर रूम राहुल-खड़गे समेत दिग्गज नेताओं का होगा सियासी संगम
राजस्थान की राजनीति में आने वाले दिनों में पुष्कर बड़ा सियासी केंद्र बनने जा रहा है। कांग्रेस संगठन को नई धार देने और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने के लिए 23 मई से 1 जून तक पुष्कर में 10 दिवसीय चिंतन एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होने जा रहा है। खास बात यह है कि इस शिविर में राजस्थान और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के साथ पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल होंगे।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के लिए यह आयोजन किसी उपलब्धि से कम नहीं माना जा रहा है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर की मेजबानी अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल द्वारा पुष्कर स्थित उनके निजी रिसोर्ट वाइल्ड रोज में की जाएगी। यह प्रशिक्षण शिविर केवल संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि कांग्रेस के लिए आगामी राजनीतिक रोडमैप तैयार करने का मंच माना जा रहा है। शिविर के दौरान संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति, जनसंपर्क, मीडिया प्रबंधन और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। लगभग 100 जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों के ठहरने, भोजन और प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा 1 जून को होने वाले उस विशेष आयोजन की है, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे। इन दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने इस शिविर को और अधिक राजनीतिक महत्व दे दिया है। शिविर में राजस्थान के राजनीतिक इतिहास, कांग्रेस सरकारों के योगदान और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। वहीं 25 मई को फील्ड विजिट और 27 मई को मनरेगा कार्यस्थलों के निरीक्षण जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं, जहां जमीनी स्तर पर संवाद और फीडबैक लिया जाएगा। डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि अजमेर में इतने बड़े स्तर पर कांग्रेस का चिंतन और प्रशिक्षण शिविर आयोजित होना जिले के लिए गर्व की बात है। वहीं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पुष्कर में होने वाला यह आयोजन कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक समीकरणों की दिशा भी तय कर सकता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved