Post Views 01
May 22, 2026
पुष्कर घाटी फॉर्च्यूनर दुर्घटना मामले में मृतक रवि कोली के परिजन और कांग्रेस अनुसूचित जाति के पदाधिकारी मिले जिला कलेक्टर से,
न्याय और मुआवजे की मांग आरोपियों को शीघ्र किया जाए गिरफ्तार
अजमेर की पुष्कर घाटी में तेज रफ्तार खाटू श्याम समिति के नाम रजिस्टर्ड फॉर्च्यूनर कार हादसे के बाद शुक्रवार को मृतक रवि कोली के परिजनों और समाज के लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर न्याय की मांग की । मीडिया से बात करते हुए मृतक रवि के पिता किशोर कुमार का दर्द छलक पड़ा उन्होंने कहा, मेरा तो एक ही सहारा था वो भी टूट गया।
कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के शहर अध्यक्ष सौरभ यादव ने पीड़ित परिवार के लोगों के साथ जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की गई है। मामले को लेकर परिजनों और समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
इस दौरान पिता किशोर कुमार ने कहा कि मेरा एक ही सहारा था, वो भी छीन लिया गया लेकिन रसूखदार आरोपियों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अभी कोई प्रशासन का अधिकारी या खाटू श्याम मंदिर समिति का कोई सदस्य उनसे मिलने तक नहीं आया है। मेरी मांग है कि मेरे बेटे को न्याय दिलाया जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि श्री खाटू श्याम मंदिर समिति के नाम दर्ज फॉर्च्यूनर वाहन नंबर आरजे-23-यूबी-7031 के ड्राइवर दिग्विजय सिंह ने कथित रूप से लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए बाइक सवार रवि कुमार पुत्र किशोर कुमार की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में रवि कोली की मौत हो गई।
कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के शहर अध्यक्ष सौरभ यादव के अनुसार, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। आरोप है कि फॉर्च्यूनर ड्राइवर ने अन्य कई वाहनों को भी टक्कर मारी, जिससे रोहित वैष्णव, मधुसूदन वैष्णव सहित अन्य लोग भी घायल हुए। घटना की सूचना पर हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया लेकिन आश्चर्य की बात है कि घटना के इतने दिनों बाद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार तक नहीं कर पाई।
सौरभ यादव ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाए और फरार आरोपी ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved