Post Views 01
May 21, 2026
अजमेर की आनासागर झील में ऑक्सीजन की कमी ओर भीषण गर्मी से हजारों मछलियों की मौत, झील किनारे फैली बदबू
अजमेर की ऐतिहासिक आनासागर झील में इन दिनों मछलियों के मरने का मामला सामने आया है। झील में ऑक्सीजन की कमी और भीषण गर्मी के चलते हजारों की संख्या में मछलियां दम तोड़ रही हैं। गुरुवार सुबह झील के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां पानी की सतह पर तैरती नजर आईं। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो दिनों से झील में लगातार मछलियां मर रही हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैलने लगी है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण पानी में घुलित ऑक्सीजन का स्तर कम हो गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसी वजह से मछलियां जीवित नहीं रह पा रही हैं। मामले की सूचना मत्स्य विभाग और प्रशासन को दे दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से मरी हुई मछलियों को झील से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि बदबू और संक्रमण फैलने से रोका जा सके। साथ ही झील के पानी की गुणवत्ता की जांच भी करवाई जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved