Post Views 01
May 18, 2026
जयपुर। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने रविवार को जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में आयोजित BNI INC-2026 के दूसरे और अंतिम दिन अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कई प्रेरक बातें कहीं। उन्होंने कहा कि इस धरती पर ऐसा कोई नहीं जिसे आलोचना का सामना न करना पड़े, यहां तक कि भगवान को भी नहीं। उन्होंने कहा कि अगर अच्छा काम करने पर भी कोई बुरा लिखे तो हंसो और बुरा काम करने पर अच्छा लिखे तब भी हंसो। गलतियों से डरना नहीं चाहिए, क्योंकि गलतियों से ही हम सीखते हैं।
मां को रोज आई लव यू कहता हूं
अनुपम खेर ने परिवार के महत्व पर बात करते हुए कहा कि उनकी मां रोज रात 8:30 बजे उन्हें फोन करती हैं और वे उन्हें आई लव यू कहते हैं, चाहे उन्हें समझ आए या न आए। उन्होंने ऑडियंस से पूछा कि उनमें से कितने लोग अपने माता-पिता को आई लव यू कहते हैं, जिस पर हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट हुई। उन्होंने यह भी कहा कि वे बेहद अनुशासित और समयनिष्ठ हैं और रोज ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।
बच्चों को मोबाइल देना गलत
अनुपम खेर ने बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे फोन में बहुत ज्यादा लगे रहते हैं और इसमें माता-पिता का भी कसूर है। उन्होंने कहा कि हमारे जमाने में चोट लगने पर मां दो थप्पड़ मारती थी, लेकिन आज दो साल के बच्चे के हाथ में केवल अपनी शांति के लिए मोबाइल पकड़ा दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में अच्छाई कम होती जा रही है और वे ऐसी फिल्म बनाना चाहते हैं जिससे लोगों का अच्छाई पर दोबारा भरोसा हो सके।
3000 सदस्यों के साथ सम्मेलन का समापन
दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का रविवार को समापन हुआ। BNI के डायरेक्टर अक्षय गोयल ने बताया कि देश के 100 शहरों से करीब 3000 सदस्यों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बिजनेस नेटवर्किंग, लीडरशिप, प्रोफेशनल ग्रोथ और नए अवसरों पर कई विशेष सत्र आयोजित किए गए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved