Post Views 41
May 18, 2026
पुष्कर में मानसून आने से पहले पवित्र सरोवर को बचाने के लिए अब तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर परिषद और जल संसाधन विभाग युद्ध स्तर पर सफाई और मरम्मत कार्य में जुट गए हैं, ताकि बरसाती पानी के साथ आने वाली मिट्टी और गंदगी मुख्य सरोवर तक न पहुंच सके।
नगर परिषद पुष्कर द्वारा शहरी जी राम जी रोजगार योजना के तहत सावित्री बरसाती फीडर की सफाई का अभियान पिछले दो सप्ताह से लगातार चलाया जा रहा है। इस कार्य में करीब 60 मजदूर लगाए गए हैं, जो वर्षों से जमा मिट्टी, कचरे और गंदगी को हटाने में जुटे हैं।
वहीं दूसरी ओर जल संसाधन विभाग भी पुष्कर सरोवर तक बरसाती पानी पहुंचाने वाले फीडरों की मरम्मत और सफाई का काम तेज गति से कर रहा है। विभाग ने करीब 10 करोड़ 20 लाख रुपए के बजट से क्षतिग्रस्त फीडरों को सुधारने और उनमें जमा अथाह मिट्टी हटाने की योजना पर काम शुरू किया है। खड़ेखड़ी और सावित्री फीडर में जेसीबी और ट्रैक्टरों की मदद से सफाई जारी है।
हालांकि सामाजिक कार्यकर्ता अरुण पाराशर ने इस कार्य को लेकर चिंता भी जताई है। उनका कहना है कि फीडर से निकाली जा रही मिट्टी और कचरे के ढेर वहीं जमा किए जा रहे हैं। तेज हवाओं के कारण यह मिट्टी दोबारा फीडर में फैल रही है और अगर समय रहते इसे बाहर नहीं हटाया गया तो बारिश शुरू होते ही यह फिर से बहकर सरोवर तक पहुंच सकती है।
अब मांग उठ रही है कि मानसून से पहले सभी कार्य पूरी तरह पूरे किए जाएं, ताकि बरसाती पानी स्वच्छ रूप में सरोवर तक पहुंचे और पुष्कर की आस्था और धरोहर सुरक्षित रह सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved