Post Views 31
May 17, 2026
कृष्णगंज थाना अंतर्गत पिछले दिनों कबाड़ी के गोदाम में पेट्रोल डालकर आग लगने वाले आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे ,मुख्य आरोपी अब भी फरार पुलिस कर रही है तलाश
अजमेर कृष्णगंज थाना पुलिस ने ग्राम लोहागल में कबाड़ी के गोदाम में पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने आधी रात को पेट्रोल डालकर गोदाम और वहां खड़ी पिकअप गाड़ी में आग लगा दी थी। घटना में पीड़ित को 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। रविवार को मामले का खुलासा करते हुए
सीओ शिवम जोशी ने बताया कि पीड़ित असरुदीन खान ने रिपोर्ट दी थी कि उसका लोहागल गांव में कबाड़ी का गोदाम है। 12 मई की रात गोदाम बंद कर घर जाने के बाद देर रात पड़ोसियों ने फोन कर आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने तक गोदाम में रखा कबाड़ और पिकअप वाहन आग की चपेट में आ चुके थे। आग से लाखों का सामान जल गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो चार बदमाश रात करीब 2:45 बजे गोदाम में पेट्रोल डालकर आग लगाते नजर आए। इसके बाद आरोपी बिना नंबर की वरना कार में बैठकर फरार हो गए।
सीओ जोशी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में थानाधिकारी अरविंद सिंह चारण के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने होटल, ढाबों और अभय कमांड सेंटर सहित करीब 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचशील नगर स्थित पीडीएम पेइंग गेस्ट हाउस और घूघरा क्षेत्र में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में वारदात करना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में ब्यावर निवासी हितेश सोलंकी, नागौर निवासी अंकित वैष्णव और नरेंद्र सिंह शामिल हैं।
सीओ शिवम जोशी ने बताया कि पीड़ित के भाई का मुख्य आरोपी से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा है। मुख्य आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में फरार मुख्य आरोपी सहित अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved