Post Views 01
May 16, 2026
अजमेर में रिटायर्ड अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर लाखों रुपए की ठगी के मामले में पुलिस को मिली सफलता,
दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, आरोपी दो प्रतिशत कमीशन पर साइबर ठगों को देते थे अपना करंट अकाउंट
अजमेर साइबर थाना पुलिस ने रिटायर्ड अधिकारी को 13 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली है। पुलिस ने नॉर्थ ईस्ट दिल्ली निवासी सलमान खान (29) और योगेंद्र सिंह (32) को नागौर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और साइबर ठगों को बैंक अकाउंट उपलब्ध करवाने का काम करते थे।
साइबर थाने के सीओ शमशेर खां ने बताया कि वेटरनरी विभाग के रिटायर्ड अधिकारी जगदीश कुमार को 13 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर डराया-धमकाया गया और उनसे लाखों रुपए की ठगी की गई। पीड़ित ने जनवरी 2026 में मामला दर्ज करवाया था। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों की डिटेल खंगाली तो सामने आया कि ठगी के करीब 10 लाख रुपए आरोपियों के करंट अकाउंट में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस जांच में अकाउंट में करीब 1 करोड़ 82 लाख रुपए का ट्रांजैक्शन मिला है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे फर्म के नाम से करंट अकाउंट खुलवाकर साइबर ठगों को बेचते थे और बदले में 2 प्रतिशत कमीशन लेते थे। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह और नेटवर्क की जांच में जुटी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved