Post Views 21
May 16, 2026
पुष्कर के सहदेव बाग होटल में आयोजित एक्सपोर्ट अपॉर्च्युनिटी मीट 2026 में स्थानीय उद्योगों और व्यापार को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। लघु उद्योग भारती पुष्कर इकाई, महिला इकाई, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर जयपुर और गारमेंट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ पुष्कर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ई-कॉमर्स, निर्यात और सरकारी योजनाओं को लेकर उद्यमियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में फ्लिपकार्ट की टीम ने स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों को बताया कि किस तरह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अपने उत्पाद देश और विदेश तक पहुंचाए जा सकते हैं। टेक्सटाइल, गुलकंद, आंवला कैंडी, हैंडीक्राफ्ट और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े व्यापारियों को ई-कॉमर्स ऑनबोर्डिंग, प्रोडक्ट लिस्टिंग और डिजिटल सपोर्ट के बारे में विस्तार से समझाया गया।
लघु उद्योग भारती महिला इकाई की सीए दिव्या सोमानी ने कहा कि सरकार लगातार निर्यात को बढ़ावा दे रही है, लेकिन अभी भी कई पारंपरिक व्यापारी तकनीक और ऑनलाइन बिजनेस से दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि पुष्कर में करीब 150 टेक्सटाइल यूनिट्स हैं, लेकिन अधिकांश व्यापारियों ने अभी तक ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म का उपयोग शुरू नहीं किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए फ्लिपकार्ट और वॉलमार्ट की टीम को बुलाकर आसान तरीके से ऑनलाइन व्यापार की जानकारी दी गई।
दिव्या सोमानी ने यह भी कहा कि किसी भी व्यापारी को खुद को “छोटा व्यापारी” नहीं समझना चाहिए, क्योंकि पुष्कर जैसे पर्यटन स्थल के उत्पाद पहले से ही दुनिया भर के पर्यटकों तक पहुंच रहे हैं। सही ब्रांडिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिल सकती है।
वहीं वर्ल्ड ट्रेड सेंटर जयपुर के रीजनल डायरेक्टर नवनीत अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य पुष्कर के एमएसएमई उद्योगों को एक्सपोर्ट के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत 2047 के विजन के तहत छोटे उद्योगों को निर्यात योग्य बनाने की दिशा में यह पहल की गई है।
कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं, सब्सिडी और व्यापारिक सहायता को लेकर भी विशेषज्ञों ने जानकारी दी। हालांकि स्थानीय व्यापारियों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन आयोजकों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अधिक से अधिक उद्यमी डिजिटल और वैश्विक व्यापार से जुड़ेंगे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved