Post Views 01
May 18, 2026
अजमेर में करोड़ों के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़, दो अलग-अलग स्थान पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे पांच लोग गिरफ्तार
अजमेर पुलिस की जिला स्पेशल टीम और गेगल व मदनगंज थाना पुलिस ने आईपीएल पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से 5 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करोड़ों रुपए के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टैबलेट, मोबाइल, एलईडी टीवी, करोड़ों का हिसाब-किताब की डायरी, नकदी और दो लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। सोमवार को अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोनों मामलों का खुलासा किया।
एसपी अग्रवाला ने बताया कि अजमेर में आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ जिला स्पेशल टीम और गेगल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वेदान्ता रिसोर्ट पर छापा मारकर करोड़ों रुपये के ऑनलाइन सट्टे का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो आईपीएल मैच पर ऑनलाइन खाईवाली और लगाईवाली कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वेदान्ता रिसोर्ट में बड़े स्तर पर क्रिकेट सट्टा संचालित हो रहा है। इसके बाद टीम ने रिसोर्ट में बने कंटेनर कमरे पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान आरोपी मोबाइल और टेबलेट के जरिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते मिले। गिरफ्तार आरोपियों में सूर्यकांत दाधीच उर्फ बंटी, विकास रावत और हनी उपाध्याय शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टेबलेट, सात मोबाइल फोन, 41 हजार 730 रुपये नकद, हिसाब-किताब की डायरी, दो वाहन महिंद्रा थार और हुंडई एक्सटर सहित अन्य सामान जब्त किया है। मामले में बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
कार्यवाही में डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत और गेगल थाने के कांस्टेबल विश्वन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही है।
इसी तरह डीएसटी और मदनगंज थाना पुलिस ने किशनगढ़ स्थित होटल न्यू राजमहल के रूम नंबर 403 में दबिश देकर दो सटोरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के कमरे से आईपीएल मैच पर लाखों रुपए का ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने मौके से दिनेश यादव और ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मोबाइल एप और एलईडी टीवी के जरिए दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के मैच पर सट्टा संचालित कर रहे थे। जांच में सामने आया कि आरोपी राजस्थान के अलग-अलग शहरों के सटोरियों से लाइन लेकर लाखों रुपए के सौदे कर रहे थे।
कार्रवाई में पुलिस ने एलईडी टीवी, टाटा प्ले सेटअप बॉक्स, 5 मोबाइल फोन, नोटबुक, चार्जर और 4 हजार 20 रुपए नकद जब्त किए हैं। मदनगंज थाने में बीएनएस और आरपीजीओ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी सूर्याकांत दाधीच उर्फ बंटी निवासी आजाद नगर, अजमेर, विकास रावत निवासी आखरी, गेगल, हनी उपाध्याय निवासी आजाद नगर, अजमेर, दिनेश यादव निवासी आजाद नगर, किशनगढ़ ओमप्रकाश यादव निवासी आजाद नगर किशनगढ़ हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved