Post Views 11
May 17, 2026
मेड़ता सिटी (नागौर)। अजमेर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जोधपुर के एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चकढाणी गांव की सरहद के पास एक कार और रोडवेज बस में आमने-सामने की भीषण टक्कर हुई, जिसमें कार के परखच्चे उड़ गए और रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा उतरी।
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग जोधपुर जिले के एक ही परिवार के सदस्य थे और प्रसिद्ध संत चतुरदास महाराज के दर्शन के लिए बुटाटी धाम जा रहे थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे चकढाणी के पास सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
राहत कार्य और उपचार
हादसे की सूचना मिलते ही कुचेरा थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एम्बुलेंस चालक हरेंद्र तेतरवाल भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को पहले रेण के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल जशोदा, संतोष और एक अन्य को मेड़ता उप-जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों में प्रदीप, बिरजू, जशोदा, संतोष के साथ 8 महीने के मासूम विकास और 3 साल की बच्ची मानसी भी शामिल हैं। पुलिस ने चारों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए कुचेरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved