Post Views 61
May 13, 2026
उदयपुर | एसीबी इंटेलीजेंस यूनिट उदयपुर ने राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के वरिष्ठ सहायक शेखर मथुरिया को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने क्लेम राशि पास करवाने और कमियों की पूर्ति कर अधिक क्लेम राशि दिलाने के एवज में कुल 7.50 लाख रुपए की घूस मांग रखी थी। शिकायत के अनुसार, परिवादी की भांजी (सरकारी शिक्षिका) की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद परिवादी डेथ क्लेम पास करवाने बीमा विभाग गया था। आरोपी शेखर मथुरिया ने क्लेम पास नहीं होने का भय दिखाकर बार-बार परेशान किया और अंततः 11 मई को 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेने पर सहमति दी। एसीबी ने तुरंत ट्रैप लगाया और मंगलवार को 1.50 लाख में से एक लाख रुपए की पहली किश्त लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में युनिट उदयपुर की प्रभारी पुलिस निरीक्षक डॉ. सोनू शेखावत ने किया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला की निगरानी में आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved