Post Views 01
May 9, 2026
जमीनी विवाद में फायरिंग मामले में फरार चल रहे आरोपी को अराई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के साथी की महिला मित्र से इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने सादा कपड़ों में आरोपी की निगरानी की इसके बाद अजमेर के एक अपार्टमेंट के बाहर घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। आरोपी वारदात के बाद से फरार था और अलग-अलग ठिकाने बदल रहा था। आरोपी मर्डर केस में भी जमानत पर चल रहा है । मामला मामला अजमेर जिले के अरांई थाना क्षेत्र का है।
अजमेर ग्रामीण एएसपी दीपक कुमार शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी रामेश्वर जाट निवासी धौलपुरिया को गिरफ्तार किया गया है। उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। एएसपी ने बताया कि कालानाडा निवासी जतन चौधरी का अपने काका देवकरण के साथ लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में जतन ने अपने साथी रामेश्वर के साथ मिलकर 10 फरवरी 2026 की रात देवकरण के घर के बाहर पिस्टल से हवाई फायरिंग करवाई थी। पुलिस ने तीन खाली कारतूस बरामद किए थे। मामले में अरांई थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
थानाधिकारी रोशन सामरिया के नेतृत्व में गठित टीम ने सादे कपड़ों में कई दिनों तक निगरानी की। पुलिस को सह आरोपी जतन चौधरी की महिला मित्र से इनपुट मिले, जिसके बाद कृष्णगंज थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर न्यू पुष्कर बाइपास स्थित वाटिका अपार्टमेंट के बाहर जाल बिछाया गया। देर रात आरोपी के वहां पहुंचते ही पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन सादे कपड़ों में पहले से तैनात पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी को अवकाशकालीन न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी से एक पिस्टल, तीन खाली कारतूस, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो बरामद की गई थी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved