Post Views 01
May 9, 2026
अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला से सोने की चेन लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को शिवनगर बिहारी गंज निवासी 77 वर्षीय संतोष शर्मा सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान आड़ी पुलिया के पास एक बाइक सवार युवक उनके गले से करीब एक तोला सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर अलवर गेट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और राजकॉप ऐप की मदद से आरोपी की पहचान अनुराग शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्मैक की लत पूरी करने के लिए वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी के खिलाफ पहले भी झपटमारी के पांच मामले दर्ज हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved