Post Views 41
May 8, 2026
किशनगढ़ के मदनगंज न्यू हाउसिंग बोर्ड निवासी कमल सिंधी ने काली गैंग के सदस्यों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार 2 मई को कुछ लोग उसके घर पहुंचे और टेंपो हटाने की बात कहकर गाली गलौज करते हुए प्लास्टिक पाइप व लोहे की सरियों से हमला कर दिया। हमले में बीच बचाव के दौरान उसकी पत्नी तारा और मां भी घायल हुईं। पूरी घटना कबाड़ के गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कमल का आरोप है कि पुलिस को कई बार फोन करने के बावजूद मदद नहीं मिली। बाद में मदनगंज थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उसके साथ भी मारपीट की और उसे ही शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया से बात करते हुए पीड़ित कमल सिंधी ने बताया कि उसका कबाड़ी का काम है। गोदाम के बाहर कबाड़ से लदे टेंपो खड़े थे इसी दौरान वहां से बाइक पर गुजर रहे युवकों ने उसे टेंपो हटाने को कहा और कहा तेरे बाप का रोड है तो उसने उन्हें जवाब दिया कि बाप तक मत जाओ मैं टेंपो माल खाली करके हटाता हूं। इसके बाद वे लोग चले गए और बाद में अपने साथियों को लेकर गोदाम पर पहुंचे और प्लास्टिक के पाइप लाठी डंडे से मुझ पर हमला कर दिया। बीच बचाव में आई मेरी पत्नी और मां को भी चोट पहुंचाई। जाते-जाते मुझे जान से मारने की धमकी दे गए हैं। क्योंकि पुलिस ने उन्हें भी शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर छोड़ दिया और मुझे भी शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जबकि मेरी कोई गलती नहीं थी मुझे पुलिस पर भरोसा नहीं है क्योंकि पुलिस वाले रिश्वत मांगते हैं मैंने थाने में रिश्वत भी दी उसके बावजूद भी मुझे ही टॉर्चर किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाने पहुंचा हूं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved