Post Views 31
May 6, 2026
मुख्य पोस्ट ऑफिस को फिर बम से उड़ाने की मिली धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट,हर बार की तरह नहीं मिली कोई भी संदिग्ध वस्तु
अजमेर में एक बार फिर बम की धमकी से हड़कंप मच गया। शहर के मुख्य पोस्ट ऑफिस कार्यालय को पांचवीं बार धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें 12 जहरीले बम से पासपोर्ट ऑफिस को उड़ाने की बात कही गई है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।
ईमेल की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड, एटीएस और सीआईडी की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन में हर कोने की जांच की गई, लेकिन किसी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इससे पूर्व जिला न्यायालय, दरगाह, जिला कलेक्टर को भी इसी तरह के ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी जिसकी रिपोर्ट संबंधित थानों में दर्ज कराई गई लेकिन अभी तक मेल भेजने वाले का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह लगातार पांचवीं बार है जब इसी पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में साइबर एंगल से भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी के पीछे किसका हाथ है और क्या यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या कोई बड़ा साजिश।
लगातार मिल रही धमकियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved