Post Views 41
May 5, 2026
जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने पेइंग गेस्ट (PG) के नाम पर मकान किराए पर लेकर कब्जा जमाने और मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी महेंद्र गुर्जर (36) उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने मकान किराए पर लेने के बाद किराया देना बंद कर दिया और मकान खाली करने के बदले 30 लाख रुपये की मांग की।
पीड़ित बाबूलाल शर्मा (48) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने 16 जनवरी को गोपालपुरा-सी स्थित उनका तीन मंजिला मकान 1.60 लाख रुपये मासिक किराए पर लिया था। मकान में 24 कमरे और लेट-बाथ की सुविधा थी, जिसे आरोपी ने पीजी संचालन के नाम पर किराए पर लिया। शुरुआती समय में किराया देने के बाद आरोपी ने भुगतान बंद कर दिया और उल्टे मकान खाली करने के लिए भारी रकम की मांग करने लगा।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज के अनुसार आरोपी और उसके साथी सुनियोजित तरीके से इस प्रकार की वारदात को अंजाम देते थे। वे पहले मकान किराए पर लेते, फिर कुछ समय बाद किराया देना बंद कर विवाद खड़ा करते और मकान मालिक के खिलाफ किराया प्राधिकरण में मामला दर्ज कराकर कोर्ट से स्टे आदेश ले लेते थे। इसके बाद गिरोह मकान मालिक पर दबाव बनाकर मकान खाली करने के बदले बड़ी रकम की मांग करता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में इसी तरह के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी महेंद्र गुर्जर पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved