Post Views 11
May 5, 2026
अजमेर जिले के पीसांगन के एक घर में हुई एक चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गहने चोरी करने वाली महिला इसी घर में किराएदार रह चुकी है। पुलिस ने 20 लाख से अधिक कीमत के गहने बरामद भी कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस पूछताछ में जुटी है।
एडिशनल एसपी (ग्रामीण) दीपक कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मेवाडिया हाल प्रताप पुरा रोड पीसांगन निवासी चुका देवी (75) पत्नी भैरूलाल ने रिपोर्ट दी कि किसी काम के लिए अहमदाबाद गयी हुई थी। 12 अप्रैल को वापस आई तो घर पर बक्से और पेटियों के ताले टूटे पड़े थे। सामान बिखरा था। घर के कमरे में बक्सें में रखे सोने चांदी के गहने और कैश चोरी हो गए थे। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया।
सीओ ग्रामीण एएसपी रामचन्द्र चौधरी के सुपरविजन एवं थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। बाद में मुखबिर की सूचना पर एक सदिग्ध महिला को डिटेन किया गया। जो पीसांगन में ही जगह-जगह किरायेदार के रूप में रही थी। गणगौरी चौक भैरू दरवाजा पीसांगन निवासी शमिना बानों (38) पत्नी असलम से थाने लाकर पूछताछ की तो वारदात करना स्वीकार किया। उसके घर से चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान बरामद कर लिया। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved