Post Views 01
May 5, 2026
जयपुर। राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को यह भरोसा हो गया है कि जिस तरह उन्होंने पश्चिम बंगाल में कथित रूप से धांधली कर जीत हासिल की, उसी तरह राजस्थान में भी कर लेंगे। डोटासरा ने कहा कि इसी मानसिकता के कारण राज्य सरकार जनता के मुद्दों पर कोई ठोस काम नहीं कर रही है।
प्रदेशाध्यक्ष डोटासराने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “हम जान दे सकते हैं, लेकिन संविधान पर आंच नहीं आने देंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र को कमजोर किया गया और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए। साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस ऐसी किसी भी स्थिति को नहीं होने देगी और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों को नोटिस देकर और सूची से बाहर रखकर उनके मतदान अधिकार को प्रभावित किया गया। डोटासरा ने चुनाव आयोग और केंद्रीय एजेंसियों के उपयोग पर भी सवाल उठाए और इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया।
प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने राज्य सरकार पर पेपर लीक मामलों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार दावा कर रही है कि पेपर लीक पर रोक लगाई गई है, लेकिन अब तक दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने एसआई भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मेहनत से परीक्षा पास करने वाले निर्दोष अभ्यर्थियों को अब तक कोई राहत नहीं दी गई है। डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस आने वाले चुनावों में जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved