Post Views 11
April 22, 2026
प्रमुख शासन सचिव रहे जिले के दौरे पर
विभिन्न राजस्व कार्यालयों का किया निरीक्षण
अजमेर, 22 अप्रैल। राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री टी. रविकांत ने बुधवार को अजमेर जिले के विभिन्न राजस्व कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया । निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर श्री लोकबंधु साथ रहे। उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन के राजस्व संबंधी कार्यों का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व मंडल, राजस्व प्रशिक्षण संस्थान, अजमेर उपखंड कार्यालय, सहायक कलक्टर कार्यालय, नसीराबाद उपखंड एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने प्रमुख शासन सचिव को जिले में राजस्व प्रकरणों के निस्तारण, लंबित न्यायालयीन मामलों, ऑनलाइन सेवाओं की उपलब्धता, भू-अभिलेख संधारण, राजस्व वसूली तथा आमजन को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया।
श्री टी रविकांत ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान समयबद्ध, संवेदनशील एवं जवाबदेही के साथ किया जाना चाहिए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं किया जाए।
राजस्व मंडल एवं राजस्व प्रशिक्षण संस्थान के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थागत व्यवस्थाओं , प्रशिक्षण प्रक्रियाओं तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रशासन की दक्षता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा रिकॉर्ड संधारण एवं प्रकरण निस्तारण में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
सहायक कलक्टर कार्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने रिकॉर्ड रखने की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा रिकॉर्ड संधारण को अधिक सुव्यवस्थित एवं व्यवस्थित रूप से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉज लिस्ट की समीक्षा करते हुए प्रत्येक दिवस प्राप्त होने वाले प्रतिवेदनों की जानकारी ली तथा न्यायालय में लंबे समय से लंबित परिवादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रकरणों को श्रेणीवार विभाजित कर फाइलों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने को कहा।
अजमेर उपखंड कार्यालय कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व अभिलेखों के सुरक्षित संरक्षण की व्यवस्थाओं को समुचित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं उपस्थित कार्मिकों से रिकॉर्ड संरक्षण, डिजिटाइजेशन तथा ऑनलाइन रिकॉर्ड संधारण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही न्यायालय में लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा कर इनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
नसीराबाद उपखंड एवं तहसील कार्यालय में उन्होंने भू-अभिलेख शाखा, राजस्व शाखा, निर्वाचन शाखा, ऑफिस कानूनगो शाखा, न्यायिक शाखा एवं संस्थापन शाखा की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पत्रावलियों के समुचित संधारण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने पटवारीवार लंबित प्रकरणों तथा पटवार सर्किलवार लंबित कार्यों का पृथक रजिस्टर संधारित करने, नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने तहसील कार्यालय में अपने प्रमाण-पत्र संबंधी कार्यों के लिए आए आमजन से संवाद कर राजस्व सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया तथा ऑनलाइन प्रमाण-पत्र, जमाबंदी एवं अन्य सेवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने 20 वर्ष से अधिक पुराने राजस्व न्यायालयों के प्रकरणों की समीक्षा की और ऐसे मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित प्रकरण आमजन को प्रभावित करते हैं। इसके लिए इनका त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभिन्न न्यायालयीन चरणों में लगने वाले समय की समीक्षा की तथा राजस्व न्यायालयों के मामलों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
उन्होंने राजसेवकों से संबंधित प्रकरणों के लिए पृथक दिवस निर्धारित करने, तहसील की प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित बनाने तथा भू-संपरिवर्तन के प्रकरणों में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व वसूली के मामलों में त्वरित कार्यवाही करने, पटवार एवं ऑफिस कानूनगो के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा अधीनस्थ कार्यालयों के औचक निरीक्षण करने को भी निर्देशित किया।
प्रमुख शासन सचिव ने परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, पुराने, कबाड़ एवं अनुपयोगी सामान के निस्तारण, पत्रावलियों के समुचित रखरखाव, कार्यालयों में रंग-रोगन कार्य करवाने तथा कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यालयों की कार्यसंस्कृति ऐसी होनी चाहिए जिससे आमजन को सुगम, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं प्राप्त हों।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर सुश्री ज्योति ककवानी, श्रीमती वंदना खोरवाल, उपखंड अधिकारी श्री देवीलाल यादव , तहसीलदार श्री ओम सिंह लखावत सहित संबंधित तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved