Post Views 111
April 7, 2026
उदयपुर | सलूम्बर जिले के लसाड़िया ब्लॉक से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां महज पांच दिनों में दो से चार साल की उम्र के पांच मासूम बच्चों की रहस्यमयी बीमारी से मौत हो गई। घाटा और लालपुरा गांव इस त्रासदी से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, जहां अचानक फैली बीमारी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
बताया जा रहा है कि बच्चों को पहले तेज बुखार, उल्टी-दस्त और ऐंठन की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर कुछ बच्चों को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आया। बीसीएमओ डॉ. सिंटू कुमावत के नेतृत्व में मेडिकल टीम गांवों में पहुंची और घर-घर जाकर बच्चों की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही ब्लड सैंपल लेकर बीमारी के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पीपी और एसडीएम दिनेश आचार्य ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और मेडिकल टीम को जल्द से जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कोई वायरल संक्रमण है या मौसमी बीमारी, लेकिन लगातार हो रही मौतों ने प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बच्चों में किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल ले जाने की अपील की है, जबकि पूरे इलाके में निगरानी और सर्वे का काम तेजी से जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved