Post Views 81
April 7, 2026
उदयपुर | उदयपुर में ज्वेलर्स शॉप में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। करीब 23 दिन पहले हुई इस वारदात में चोरों से अब तक 57 किलो चांदी बरामद की जा चुकी है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। यह चोरी 15 मार्च को कुराबड़ थाना क्षेत्र स्थित मोहित ज्वेलर्स शॉप में हुई थी, जहां 6 नकाबपोश बदमाशों ने 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना चुरा लिया था।
पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 30 किलो चांदी जब्त की गई थी, जबकि अब अतिरिक्त 27 किलो चांदी और बरामद हुई है। हालांकि अभी भी करीब 43 किलो चांदी बरामद की जानी बाकी है और इस मामले में तीन आरोपी अब भी फरार हैं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी को अंजाम देने के लिए बेहद अनोखा तरीका अपनाया। वे अपनी पहचान छिपाने के लिए महिलाओं के कपड़े पहनते थे और रात के समय दूसरे गांवों में जाकर रेकी करते थे। इतना ही नहीं, वे मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे और आपस में बात करने के लिए पक्षियों जैसी आवाजों का सहारा लेते थे, ताकि किसी को शक न हो। घटना के दौरान बदमाशों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और उसकी हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए थे, जिसे बाद में गांव के बाहर एक कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने अब वह हार्ड डिस्क और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
यह वारदात उस समय हुई जब दुकान के मालिक उदयपुर में रहते हैं और दुकान पर नियमित रूप से नहीं थे, जबकि ऊपर रहने वाले किराएदार भी बाहर गए हुए थे। इसी मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने पूरी योजना के साथ इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा हो जाएगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved