Post Views 31
April 3, 2026
उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन हाईवे पर गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा रात करीब 8.30 बजे दरौली स्थित आवरी माता मंदिर के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी और ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी सीधे ट्रेलर के नीचे जा घुसी। जोरदार धमाके के बाद मौके पर सन्नाटा और फिर चीख-पुकार गूंज उठी। स्कॉर्पियो में सवार तीन युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि शवों को बाहर निकालने के लिए गाड़ी का गेट तोड़ना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। हादसे में खेरोदा के रहने वाले 36 वर्षीय विनोद मेनारिया और 23 वर्षीय दिनेश मीणा की मौत हो गई। वहीं उदयपुर निवासी 25 वर्षीय शाहरुख खान गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज एमबी अस्पताल में चल रहा है।
तीनों युवक उदयपुर की ओर आ रहे थे। आवरी माता मंदिर के पास खड़े ट्रेलर से टक्कर के बाद यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved