Post Views 71
March 31, 2026
उदयपुर | भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की स्पेशल यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उदयपुर के वल्लभनगर तहसील के गिरदावर देवेंद्र सिंह राणावत को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी एक किसान की जमीन के रिकॉर्ड में हुई गलती सुधारने के बदले यह रकम मांग रहा था, जिससे परेशान होकर किसान ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी।
मामला राणाकुई गांव का है, जहां एक किसान की करीब 5 बीघा कृषि भूमि को सरकारी रिकॉर्ड में गलती से ‘भवन’ दर्ज कर दिया गया था। किसान अपनी जमीन को फिर से ‘बारानी तृतीय’ श्रेणी में दर्ज कराने के लिए लंबे समय से तहसील के चक्कर काट रहा था। इसी दौरान गिरदावर ने उसे भरोसा दिलाया कि वह अपनी सरकारी आईडी से ऑनलाइन रिकॉर्ड ठीक करवा देगा और तहसीलदार से आदेश भी निकलवा देगा, लेकिन इसके बदले 15 हजार रुपए की मांग रख दी।
ACB टीम ने शिकायत मिलने के बाद पूरी योजना बनाकर रिश्वत की मांग का सत्यापन किया। जैसे ही किसान तय रकम लेकर आरोपी के पास पहुंचा और पैसे दिए, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार तहसीलदार सुरेंद्र छीपा का नाम लेने लगा। उसने इशारा किया कि यह काम “साहब” के जरिए ही संभव होगा। इसके बाद ACB ने तहसीलदार की भूमिका को भी जांच के दायरे में ले लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस रिश्वतखोरी में ऊपर तक सांठगांठ थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved