Post Views 51
March 30, 2026
खाटूश्यामजी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही बड़ी सुविधा शुरू हो सकती है। यहां ट्रैफिक और भीड़ की समस्या को देखते हुए करीब 2 किलोमीटर लंबे रोपवे प्रोजेक्ट का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह रोपवे ट्रैफिक डायवर्जन प्वाइंट, नगरपालिका कार्यालय से शुरू होकर गुरुजी मेडिकल होते हुए सीधे खाटूश्यामजी मंदिर तक पहुंचेगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और तेज आवागमन का विकल्प मिलेगा।इस परियोजना के निर्माण, संचालन और प्रबंधन के लिए श्री श्याम इन्फ्रा प्रोजेक्ट, जयपुर द्वारा जिला कलक्टर को लाइसेंस करार का ड्राफ्ट सौंपा है। वहीं नगरपालिका खाटूश्यामजी ने इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए आमजन से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। नागरिकों को 30 दिनों के भीतर अपने सुझाव जिला कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है।
नगरपालिका प्रशासन ने बताया कि इच्छुक लोग इस परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी नगरपालिका कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। गौरतलब है कि खाटूश्यामजी में हर वर्ष करीब 70 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में रोपवे सुविधा शुरू होने के बाद न केवल ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव भी मिलेगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved