Post Views 01
March 17, 2026
पुष्कर में एक ही रात में कई घरों में चोरी, पूर्व SHO के मकान को भी बनाया निशाना, गांव में कई मकानों से नकदी ओर जेवरात चोरी
पुष्कर थाना क्षेत्र के ग्राम डुंगरिया कला और डुंगरिया खुर्द में बीती रात चोरों ने कई घरों के ताले तोड़कर नकदी और आभूषण पार कर दिए। एक ही रात में कई घरों में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार डुंगरिया कला निवासी गणेशराम माली (मिस्त्री) के मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 1 किलो 250 ग्राम चांदी के आभूषण और लगभग 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों को चोरी का पता चला तो गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। वहीं डुंगरिया खुर्द में भी चोरों ने चार मकानों को निशाना बनाया। यहां पूर्व थानेदार चांद सिंह राठौड़ के घर में भी चोरी की वारदात हुई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। इसके अलावा गजराज सिंह राठौड़, कान सिंह राठौड़ और सियाराम वैष्णव के मकानों के ताले भी तोड़ दिए गए। पीड़ित चांद सिंह राठौड़ ने बताया कि उनके बेटे के बाहर जाने की जानकारी संभवतः चोरों को थी। देर रात चोर घर में घुसकर करीब 1.25 लाख रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों के जेवरात और सामान की भी चोरी हुई है, जिसका पूरा विवरण बाद में सामने आएगा। गांव के अन्य घरों से भी सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान चोरी होने की बात सामने आई है। इधर पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved