Post Views 21
March 16, 2026
उदयपुर | थाने के पास ही बड़ी चोरी! ज्वेलरी शॉप से 1.80 करोड़ का सोना-चांदी गायब... यह वारदात हुई है उदयपुर के कुराबड़ में... यहां थाने से महज करीब 150 मीटर दूर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरों ने करीब 1.80 करोड़ रुपये की चोरी कर ली। बदमाश दुकान से करीब 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना कट्टों में भरकर ले गए।
जानकारी के अनुसार, चोरी से पहले बदमाश करीब 2 से 3 घंटे तक दुकान के आसपास की गलियों में घूमते रहे और इलाके की रेकी करते रहे। इसके बाद देर रात नकाब पहनकर और हाथों में डंडे व हथियार लेकर दुकान में घुसे। चोरों ने सबसे पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके और कोई सबूत न मिल पाए। हालांकि घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर एक दूसरी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में 6 से 7 संदिग्ध चोर आते-जाते दिखाई दिए हैं। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि अगर रात में पुलिस की गश्त ठीक से होती तो इतनी बड़ी चोरी नहीं होती। उनका आरोप है कि चोर कई घंटों तक गलियों में घूमते रहे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पीड़ित ज्वेलर अशोक सोनी ने बताया कि उनकी सदर बाजार में मोहित ज्वेलर्स नाम से दुकान है। वे परिवार के साथ उदयपुर में रहते हैं और रोजाना उदयपुर से कुराबड़ आकर दुकान चलाते हैं। दुकान के ऊपर पहली मंजिल पर किराएदार रहते हैं, लेकिन वे 11 मार्च से बाहर गए हुए थे। इसी मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने पूरी दुकान साफ कर दी। उन्होंने बताया कि बदमाश करीब 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए। ज्वेलर का कहना है कि चोरों में पुलिस का बिल्कुल भी डर नहीं है, इसलिए उन्होंने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। थानाधिकारी तेज सिंह ने बताया कि चोरों ने दुकान के कैमरे तोड़कर डीवीआर अपने साथ ले लिया था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें 6 से 7 संदिग्ध नजर आ रहे हैं। बदमाशों ने हाथों में दस्ताने और चेहरे पर मास्क पहन रखा था। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए हैं। पुलिस की टीमें चोरों की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved