Post Views 41
March 10, 2026
उदयपुर | शहर में जमीन हड़पने की साजिश से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कार सवार बदमाशों ने सड़क पर खड़े एक बुजुर्ग को जबरन कार में डालकर किडनैप कर लिया और रास्ते में मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बाद में आरोपी उन्हें सुनसान इलाके में छोड़कर फरार हो गए।
घटना बड़गांव थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार 65 वर्षीय रामा गमेती अपने घर से कुछ दूरी पर पानी भर रहे थे, तभी एक कार में सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और उतरते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने बुजुर्ग को जबरन कार में पटककर बैठाया और वहां से ले गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश मौके से भाग चुके थे। परिजनों का आरोप है कि कार में बैठाकर भी बदमाशों ने रामा गमेती के साथ मारपीट की और फर्जी रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया। आरोपियों ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी जान से मारने की धमकी दी।
कुछ समय बाद बदमाश बुजुर्ग को एक सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ऑटो लेकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved