Post Views 01
March 9, 2026
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम से जुड़े विवाद को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जो कुछ हुआ, उसे देश और नारी शक्ति कभी माफ नहीं करेगी और जनता समय आने पर इसका जवाब देगी।दिल्ली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह केवल राष्ट्रपति का ही नहीं बल्कि देश के संविधान का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि अहंकार से भरा व्यक्ति चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः उसका पतन निश्चित होता है।
शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पश्चिम बंगाल के अपने दौरे के दौरान कार्यक्रम स्थल बदले जाने और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए मौजूद नहीं रहने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि नॉर्थ बंगाल दौरे के दौरान न तो मुख्यमंत्री और न ही कोई मंत्री उन्हें रिसीव करने आया, जिससे प्रोटोकॉल को लेकर सवाल खड़े हुए। इसके बाद भाजपा ने इसे राष्ट्रपति का अपमान बताया था।इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। उन्होंने जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) रीडेवलपमेंट प्लान के तहत 2,722 नए फ्लैट्स का उद्घाटन किया। साथ ही दिल्ली में दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन और तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया।प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार देश के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved