Post Views 01
March 9, 2026
बाड़मेर। बाड़मेर जिले में भारत-पाक सीमा से सटे इलाके में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। बाखासर थाना क्षेत्र के हाथला गांव में कथित प्रेम प्रसंग के चलते देवर और भाभी ने एक पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के अनुसार हाथला गांव निवासी 20 वर्षीय नवलाराम और उसकी 25 वर्षीय भाभी समझू (पत्नी हरिराम) रविवार देर रात से घर से लापता थे। सुबह जब परिजनों को दोनों घर में नहीं मिले तो उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने गांव के पास एक बबूल के पेड़ से दोनों के शव लटके हुए देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर बाखासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाखासर थानाधिकारी राजूराम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में देवर-भाभी के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है और इसी कारण दोनों द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में केस दर्ज कर जांच जारी है। बताया जा रहा है कि महिला की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी, जबकि युवक खेती का काम करता था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved