Post Views 71
March 9, 2026
उदयपुर | शहर के पॉश इलाकों में अवैध रूप से परोसे जा रहे हुक्के के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार रेस्टोरेंट्स पर एक साथ छापा मारा। उदयपुर की जिला विशेष टीम ने बड़गांव के ग्रीक फार्म, सुखेर के फ्रेंड्स जॉन, अम्बामाता के उदयपुर हाइक्स और अमराई घाट स्थित होटल वंडर व्यू में दबिश दी, जहां से कुल 26 हुक्के, करीब 45 पाइप और 68 से ज्यादा नशीले फ्लेवर पैकेट बरामद किए गए।
बड़गांव थाना क्षेत्र के ग्रीक फार्म रेस्टोरेंट से सबसे ज्यादा 13 हुक्के, 20 पाइप और 30 फ्लेवर पैकेट मिले, जिसके बाद पुलिस ने स्वरूपगंज (सिरोही) निवासी संचालक निर्मल मेघवाल को नामजद किया। सुखेर के फ्रेंड्स जॉन रेस्टोरेंट से 4 हुक्के और 12 फ्लेवर पैकेट बरामद कर संचालक राजेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अम्बामाता क्षेत्र के कुराबड़ हिल्स स्थित उदयपुर हाइक्स रेस्टोरेंट से 3 हुक्के और 6 फ्लेवर पैकेट मिले, जबकि अमराई घाट के होटल वंडर व्यू से 6 हुक्के और 20 फ्लेवर पैकेट जब्त कर संचालक शांतिलाल को आरोपी बनाया गया। पुलिस की अचानक कार्रवाई से रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया और कुछ लोग मौके से भागने की कोशिश करते नजर आए। एसपी योगेश गोयल ने बताया कि शहर में युवाओं के बीच बढ़ते हुक्का चलन को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया है और शहर को नशामुक्त बनाने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved