Post Views 161
February 23, 2026
उदयपुर के कलड़वास के वैसा मगरी क्षेत्र में एक ही परिवार के सदस्यों पर अज्ञात बीमारी ने कहर बरपा दिया है। परिवार के मुखिया सोहनलाल डांगी का उपचार के दौरान निधन हो गया, जबकि उनके दोनों बेटे लीलाशंकर और प्रकाश आईसीयू में भर्ती होकर जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पानी और सरसों तेल के नमूने जांचे, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्ट मानकों के अनुसार सामान्य आई। परिवार के सदस्यों में चेहरे का रंग काला पड़ना, हाथ-पैरों में अत्यधिक सूजन, लगातार दस्त और सांस लेने में तकलीफ जैसी गंभीर लक्षण देखे जा रहे हैं। कुल छह सदस्य वाले परिवार में पांच सदस्य बीमार हैं, और शरीर में रेड ब्लड सेल्स की गंभीर कमी के कारण बार-बार रक्त चढ़ाना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर से विशेषज्ञ चिकित्सा दल बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य और डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विक्रम सिंह मामले की निगरानी कर रहे हैं।
परिवार के बड़े भाई पृथ्वीराज पटेल के अनुसार, नवंबर 2025 में पहली बार तीनों एक साथ बीमार पड़े थे, और तब से समुचित उपचार नहीं मिल पाया। सोहनलाल को जनवरी और फरवरी में अहमदाबाद और उदयपुर के अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनकी मृत्यु हो गई। वर्तमान में दोनों बेटे आईसीयू में हैं और मां की तबीयत भी नासाज बताई जा रही है।
राज्य स्तरीय प्रयोगशालाओं ने घर और ट्यूबवेल से लिए गए पानी के नमूनों में आर्सेनिक, सीसा और क्रोमियम जैसे हानिकारक तत्वों की जांच की, जो सभी मानकों के भीतर पाए गए। इसके अलावा परिवार द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सरसों तेल के नमूनों की जांच भी मानकों के अनुसार सामान्य पाई गई। स्थानीय विधायक फूलसिंह मीणा ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved