Post Views 01
February 22, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अजमेर में आयोजित होने वाली सभा को लेकर कायड़ विश्राम स्थल पर भाजपा नेताओं ने किया भूमि पूजन
28 फरवरी को सुबह साढ़े 11 बजे से होने वाली सभा में प्रदेश की विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ लाभार्थियों और बेरोजगारों को सौंप जाएंगे नियुक्ति पत्र
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं विश्व नायक नरेन्द्र मोदी की 28-2-2026 प्रस्तावित सभा के निमित्त सभा स्थल विश्रामस्थली कायड पर निर्विघ्न एवं ऐतिहासिक सभा संपन्न हो इसको दृष्टिगत रखते हुए रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार द्वारा भूमि पूजन किया गया । कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, राज्य सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, धरोहर एवं प्रोन्नति प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओम प्रकाश भडाना, विधायक अजमेर दक्षिण श्रीमती अनीता भदेल, सहित प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम एवं संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, जिलाध्यक्ष
रमेश सोनी सहित विधायकगण एवं अन्य प्रदेश पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को अजमेर पहुंचेंगे और कायड़ विश्रामस्थली में सभा को संबोधित करेंगे। इसी लक्ष्य को लेकर सभा स्थल पर रविवार को भूमि पूजन किया गया है। प्रधानमंत्री की सभा प्रेरणादायक होगी। लाखों लोग में शामिल होंगे और यह सभा एक इतिहास रचेगी। देवनानी ने जिला कलेक्टर लोकबंधु, पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदिता राणा सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ सभा स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए ।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को सुबह 11:30 बजे कायड़ विश्राम स्थल पहुंचेंगे। हेलीपैड से उतरने के बाद, वे सभा स्थल के पास एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण की शुरुआत करेंगे। इसके लिए 9 से 14 वर्ष की पांच बालिकाओं का चयन किया गया है। इसके बाद प्रधानमंत्री सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश के लिये 23,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इनमें जयपुर मेट्रो का दूसरा चरण, कोटा हवाई अड्डा और एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की पांच परियोजनाएं शामिल हैं। साथ ही, 21,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। सभा में अजमेर जिले के 56,000 लाभार्थियों को लाने के लिए 1,120 बसों की आवश्यकता होगी। जयपुर से 500 बसें मंगाई जाएंगी, जबकि केकड़ी के लिए 50 बसें कोटा से मंगाई जाएंगी। वहीं, सभा स्थल पर मंच और डोम निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved