Post Views 01
February 22, 2026
अजमेर में पिछले 7 दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को जिला कलेक्टर की मध्यस्थता से समाप्त हो गई है। जिला कलेक्टर लोकबंधु के नेतृत्व में कर्मचारी नेताओं के बीच वार्ता के बाद मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने के बाद सफाई कर्मचारी काम पर लौट गए हैं। वहीं, सफाई कर्मचारियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था प्रभारी उपायुक्त अनीता चौधरी के स्थान पर उपायुक्त कीर्ति कुमावत को नियुक्त किया गया है। इसी तरह स्वास्थ्य अधिकारी पृथ्वीराज जोधा को भी हटाकर अधिशाषी अभियंता रमेश चौधरी को चार्ज दिया गया है। गौरतलब है कि निगम में ठेकेदार के अधीन 3873 स्थाई एवं अस्थाई सफाई कर्मचारी अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 6 दिनों से हड़ताल पर चल रहे थे। जिसके कारण शहर की सफाई व्यवस्था ठप्प पड़ी थी। वही स्थाई सफाई कर्मचारियों द्वारा समर्थन दिए जाने से शहर कचरे के ढेर में तब्दील हो गया था। जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि सफाई कर्मचारी संगठन की तरफ से कुछ मांगें रखी गई थी।सौहार्दपूर्ण वातावरण में आज चर्चा हुई और जो भी उनकी मांगें थी उनको मान लिया गया है। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है।
सफ़ाई कर्मचारियों की मांगों में हड़ताल के दौरान किसी भी प्रकार का वेतन नहीं काटा जाए और किसी भी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाए। स्वास्थ्य अधिकारी पृथ्वीराज जोधा को हटाकर अधिशाषी अभियंता रमेश चौधरी को हेल्थ ऑफिसर का चार्ज दिया गया। सफाई व्यवस्था की प्रभारी उपायुक्त अनीता चौधरी की जगह उपायुक्त कीर्ति चौधरी को नियुक्त किया गया। कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक के आधार पर सत्यापित नहीं की जाकर पूर्व के तरह भौतिक सत्यापित कर वेतन भुगतान किया जाएगा। अस्थाई कर्मचारियों के वेतन का भुगतान हर महीने की 10 तारीख से पूर्व कर दिया जाएगा।
उक्त मांगों का अंकन आगामी जारी होने वाली निविदाओं की शर्त पर कर दिया जाएगा। पीएफ एवं एसआई कटौती नियम अनुसार की जाएगी, पिछले महीने जमा चालान की प्रति बिल के साथ ली जाएगी और चालान की प्रति का अवलोकन स्वास्थ्य शाखा से किया जा सकता है। 2 फीट से बड़े नालों की सफाई की निविदा अलग से जारी कर दी जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved