Post Views 31
February 23, 2026
उदयपुर | संभाग की प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अरनोद थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और उसे मिलाने वाला केमिकल पाउडर जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी अरनोद निवासी नारायण मीणा के पास से 2 किलो 708 ग्राम ब्राउन शुगर और 1 किलो 723 ग्राम केमिकल पाउडर बरामद हुआ। परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में अरनोद-प्रतापगढ़ रोड पर नाकाबंदी की गई। देवल्दी की तरफ से आती मोटरसाइकिल को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में मोटरसाइकिल पर रखे काले लेदर बैग में 6 थैलियों में ब्राउन शुगर और 4 थैलियों में केमिकल पाउडर मिला। नारायण ने पूछताछ में बताया कि यह सामान देवल्दी निवासी उस्मान पुत्र अशरफ से लिया गया था, जिसे प्रतापगढ़ में मंदसौर नाके पर किसी और को सुपुर्द करना था। पुलिस अब फरार आरोपी उस्मान की तलाश कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved