Post Views 41
February 23, 2026
उदयपुर से सटे बेदला गांव के खटीकवाड़ा में कल दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। बजरी से भरे डंपर ने पैदल बाजार जा रहे 45 वर्षीय सत्यनारायण सोलंकी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सत्यनारायण सोलंकी अपने घर से बाजार की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सापेटिया से फतहपुरा की तरफ जा रहे बजरी से भरे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके से भाग रहे डंपर चालक को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और उचित मुआवज़े की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर सुखेर थाना पुलिस समेत अन्य थानों का जाब्ता मौके पर पहुंचा और समझाइश का प्रयास शुरू किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद डंपर मालिक की ओर से 5 लाख रुपये का मुआवज़ा मौके पर ही दिया गया। साथ ही बड़गांव तहसीलदार हितेश त्रिवेदी ने सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम करीब 7.15 बजे परिजनों ने शव उठाने की अनुमति दी और जाम समाप्त हुआ। मृतक सत्यनारायण सोलंकी घर के बाहर पंचर की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। पत्नी प्राइवेट नौकरी करती हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि डंपर चालक को पुलिस ने डिटेन कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved