Post Views 01
February 21, 2026
गुर्जर समाज के अल्टीमेट के बाद चेता प्रशासन, पुलिस ने डूमाड़ा के पूर्व सरपंच की हत्या के मामले में दो मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार,
एक बाल अपचारी अभी फरार, समाज ने बैठक को श्रद्धांजलि सभा में किया तब्दील
अजमेर के मांगलियावास थाना अंतर्गत डूमाड़ा गांव में पूर्व सरपंच की बोलेरो से कुचलकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था और गुर्जर समाज के लोगों ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया था। गिरफ्तारी के बाद मामले में नई जान आई है, हालांकि, पुलिस एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी छगनलाल और गुरुदयाल डूमाड़ा गांव के ही रहने वाले हैं।जबकि पूर्व में मुख्य आरोपी परमेश्वर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जिसके कब्जे से बोलेरो गाड़ी भी जब कर ली गई थी। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गुरुदयाल डूमाड़ा गांव के सरपंच जगदेव के ताऊ है। वहीं दूसरा आरोपी छगनलाल वार्ड पंच हरदयाल का पिता है।
दूसरी ओर शनिवार को गुर्जर समाज द्वारा ब्यावर रोड़ स्थित ऊबड़ा का देवड़ा मंदिर पर आयोजित समाज की बैठक को श्रद्धांजलि सभा में तब्दील कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
बैठक में देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, किशन गुर्जर, हरि सिंह गुर्जर सहित गुर्जर समाज के अन्य नेता शामिल हुए जिन्होंने पुलिस प्रशासन का धन्यवाद देते हुए अग्रिम निर्णयों को लेकर चर्चा की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved