Post Views 01
February 20, 2026
पुष्कर में विदेशी पर्यटक से लूट, पुलिस ने तेज की जांच
तीर्थ नगरी पुष्कर में चोरियों का सिलसिला लगातार जारी है। धार्मिक स्थलों और स्थानीय इलाकों के बाद अब चोर पर्यटकों को भी निशाना बना रहे हैं। ताज़ा मामला कनाडा की बुजुर्ग महिला पर्यटक मेरी के साथ सामने आया है, जो दिनदहाड़े लूट की शिकार हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मेरी दोपहर करीब 3 बजे बड़ी पुलिया के पीछे स्थित अपने होटल से बाहर निकल रही थीं। तभी बाइक सवार दो बदमाश तेज रफ्तार से आए और उनके कंधे पर टंगा बैग झपटकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार बैग में ₹10,000 नगद, ट्रैवल डॉक्यूमेंट, एटीएम और क्रेडिट कार्ड थे।
घटना के समय साथ मौजूद महिला मित्र ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता ने पुष्कर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पूरे मामले को लेकर पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। शिकायत दर्ज कर ली गई है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा किया जाएगा।
लगातार बढ़ रही वारदातों से स्थानीय लोगों में रोष है और पर्यटन नगरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved