Post Views 01
February 18, 2026
ब्रह्मा नगरी पुष्कर में बढ़ती चोरियां, मंदिरों से लेकर मार्गों तक वारदातें — पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
- धार्मिक आस्था की नगरी पुष्कर इन दिनों लगातार बढ़ती चोरी और लूट की घटनाओं से चर्चा में है। हालिया घटनाओं ने श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। मंदिरों तक में हो रही वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
मंगलवार शाम यज्ञ घाट स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में देर रात दान पात्र चोरी की घटना सामने आई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से दूर है। इससे पहले मंगलवार दोपहर भटवाय गणेश मंदिर से दिनदहाड़े चांदी का छत्र चोरी कर लिया गया था,वहां भी आरोपी सीसीटीवी में कैद हुआ है । जिसका भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इसी तरह पूर्व में लीला सेवड़ी हनुमान मंदिर में पुजारी पर हमला और चोरी का मामला भी अब तक अनसुलझा है। ग्रामीण क्षेत्र में भी अपराध की घटनाएं कम नहीं हैं। बांसेली गांव में 90 लाख रुपए की बड़ी चोरी और 7 लाख रुपए की एक अन्य वारदात का खुलासा अभी तक लंबित है। इसके अलावा अजमेर-पुष्कर मार्ग पर 70 लाख की लूट का सुराग नहीं लगा है। बूढ़ा पुष्कर रोड स्थित एक रिसॉर्ट में 43 लाख की चोरी का मामला भी अनट्रेस्ड है। वहीं गौतमाश्रम के पास कार से नकदी और जेवर चोरी का प्रकरण भी लंबित है। क्षेत्र में कार और बाइक चोरी की कई घटनाएं आज तक सुलझ नहीं पाई हैं। लगातार सामने आ रही इन वारदातों के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ब्रह्मा नगरी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? क्या पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर्याप्त है? हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है, लेकिन पूर्व की घटनाओं का खुलासा नहीं होने से पुलिस की सजगता पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इन घटनाओं पर किस प्रकार ठोस कार्रवाई करता है और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कैसे बहाल करता है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved