Post Views 01
February 20, 2026
देवनगर नेशनल हाईवे पर LPG टैंकर पलटा, बड़ा हादसा टला
अजमेर–नागौर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। देवनगर पुलिया निर्माण स्थल के पास सुबह करीब 5 बजकर 30 मिनट पर एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि किसी भी सिलेंडर में लीकेज नहीं हुआ, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अजमेर से नागौर की ओर जा रहा टैंकर तेज रफ्तार में था। पुलिया निर्माण कार्य के पास संतुलन बिगड़ने से वाहन पलट गया, जिससे करीब 500 से अधिक गैस से भरे सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुष्कर थाना की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित घेरा गया। साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना देकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर बुलाई गई। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र में आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी गई।
पुष्कर थाने के एसआई हरबान सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए। उन्होंने बताया कि ट्रक तेजी से मेड़ता की ओर जा रहा था और प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का कारण प्रतीत हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह “भगवान का शुक्र” है कि कोई सिलेंडर लीक नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved