Post Views 11
February 21, 2026
उदयपुर | महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन ने वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय अलंकरणों की घोषणा कर दी है। फाउंडेशन का 42वां अलंकरण समारोह 15 मार्च को उदयपुर के सिटी पैलेस में आयोजित होगा। अब तक 41 समारोहों में 4,972 विभूतियों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा चुका है।
इस वर्ष का अंतरराष्ट्रीय कर्नल जेम्स टॉड सम्मान अमेरिका की कला इतिहासकार मॉली एम्मा एटकिन को प्रदान किया जाएगा। वे सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क में एसोसिएट प्रोफेसर हैं और भारतीय लघुचित्र परंपरा, विशेषकर मेवाड़ एवं राजपूत दरबारी चित्रकला की अग्रणी विदुषी मानी जाती हैं।
हार्वर्ड और कोलंबिया विश्वविद्यालय से शिक्षित डॉ. एटकिन की चर्चित कृति द इंटेलिजेंस ऑफ ट्रेडिशन इन राजपूत कोर्ट पेंटिंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना मिली है। मेवाड़ के कलाकार साहिबदीन और चोखा पर उनके शोध ने क्षेत्रीय कला को वैश्विक पहचान दिलाई है। इस सम्मान के तहत दो लाख एक हजार रुपए, तोरण, शॉल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर का हल्दीघाटी सम्मान वरिष्ठ पत्रकार कमलेश किशोर सिंह को दिया जाएगा। डिजिटल पत्रकारिता में नवाचार और हिंदी पत्रकारिता को सशक्त दिशा देने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए मरिमुत्थू योगनाथन को महाराणा उदय सिंह सम्मान से नवाजा जाएगा। तमिलनाडु में बस परिचालक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने पांच लाख से अधिक पौधे रोपे, जिनमें से लगभग साढ़े तीन लाख आज भी जीवित हैं।
वर्ष 2017 में 35,000 फीट की ऊंचाई पर आपातकालीन प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले जेट एयरवेज की फ्लाइट के क्रू सदस्यों को सामूहिक रूप से पन्नाधाय सम्मान दिया जाएगा।
सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ईशा जायकर, तेजस चव्हाण, मोहम्मद ताज हयात, कैथरीन वार्ष्णेय, सुष्मिता डेविड और डेबोरा तावारेस सहित कॉकपिट में कैप्टन प्रणव छाबडिया व कैप्टन मार्टिन फेसानेक ने साहस, संयम और संवेदनशीलता का परिचय दिया। यह घटना कर्तव्य से परे मानवीय उत्तरदायित्व का अद्वितीय उदाहरण बनी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved