Post Views 11
February 21, 2026
उदयपुर के उदयसागर चौराहे के पास शादी समारोह में आए मेहमानों की दो लग्जरी कारों को एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। पूरी घटना पास के होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। मामला प्रतापनगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार उदयसागर इलाके के होटलों में इन दिनों शादी समारोह चल रहे हैं। बाहर से आए मेहमान इनोवा और क्रेटा कारों में पहुंचे थे। रात में वाहन चालकों ने गाड़ियां एक गेस्ट हाउस के बाहर खड़ी कीं और ऊपर जाकर सो गए। उन्हें अंदाजा नहीं था कि सुबह उनकी गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिलेंगी। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि साकरोदा की ओर से तेज रफ्तार में आया एक ट्रेलर पहले चौराहे से आगे निकल जाता है। फिर चालक अचानक ब्रेक लगाकर वाहन को तेजी से रिवर्स करता है। इसी दौरान पीछे खड़ी दोनों कारें उसकी चपेट में आ जाती हैं। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो जाता है।
सुबह जब चालक नीचे आए तो गाड़ियों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। आसपास पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद घटना की पुष्टि हुई। पीड़ितों ने तुरंत प्रतापनगर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved