Post Views 41
February 19, 2026
उदयपुर | विधायक ताराचंद जैन ने विधानसभा में उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल के विस्तार का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने अस्पताल में बढ़ती मरीजों की भीड़ और जगह की कमी का हवाला देते हुए प्रस्ताव रखा कि एमबी हॉस्पिटल से सटे पशु-चिकित्सालय को टीबी हॉस्पिटल कैंपस में शिफ्ट किया जाए। इससे करीब 90 हजार वर्गफीट जमीन खाली होगी, जिससे अस्पताल का विस्तार संभव हो सकेगा।
विधायक ने सदन में कहा कि एमबी हॉस्पिटल पर पूरे संभाग के साथ-साथ पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से भी मरीजों का दबाव रहता है। सरकारी नियमों के अनुसार परिसर में निर्माण की 34.9 प्रतिशत सीमा पूरी हो चुकी है, इसलिए अस्पताल के पास विस्तार के लिए अतिरिक्त जमीन आवश्यक है। पशु चिकित्सालय के शिफ्ट होने से शहर के बीच पशुओं की आवाजाही की समस्या भी खत्म होगी। उन्होंने अस्पताल में सिर्फ एक एमआरआई मशीन होने पर चिंता जताई। उनके अनुसार भर्ती मरीजों को 5-6 दिन और बाहरी मरीजों को एक महीने तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे खासकर गरीब और आदिवासी क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को निजी केंद्रों पर महंगा इलाज कराना पड़ता है। विधायक ने बजट या डीएमएफटी फंड से नई एमआरआई मशीन उपलब्ध कराने की मांग की।
ताराचंद जैन ने यह भी कहा कि जब निजी अस्पतालों में महंगी फीस लेकर वर्ल्ड क्लास सुविधाएं दी जा सकती हैं, तो एमबी हॉस्पिटल में भी आधुनिक रोबोटिक उपकरण उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने कोटा की तर्ज पर 25 करोड़ रुपए के रोबोटिक सिस्टम की मांग रखी। साथ ही उन्होंने पन्नाधाय महिला चिकित्सालय की जर्जर बिल्डिंग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए। उदयपुर से गुजरने वाले तीन नेशनल हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए उन्होंने एक बड़े ट्रोमा सेंटर की स्थापना की भी मांग की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved